मोहालीः महानगर में लूटपाट की घटनाओं का ग्राफ एक बार फिर से बढ़ने लगा है। वहीं खरड़ में घर के बाहर खड़ी महिला से स्नेचिंग की घटना सामने आई है, जहां वार्ड नंबर-19 स्थित नगर खेड़ा के पास बुजुर्ग महिला से बाइक सवार 2 बदमाश कान की बालियां झपटकर फरार हो गए। पीड़ित महिला की पहचान स्वर्णा देवी के रूप में हुई है। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस वारदात को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्वर्णा देवी देर शाम अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनके कानों से सोने की बालियां खींच लीं। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर मौके से फरार हो गए। बालियां झपटे जाने के बाद महिला ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी गई।
कुछ ही मिनटों में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार व स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है। फुटेज में आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने अपने चेहरे रूमाल से ढके हुए थे, जबकि बाइक चला रहे युवक ने काले रंग का चश्मा पहन रखा था। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
