मोहालीः जीरकपुर में ट्रैफिक पुलिस के एएसआई सोहन सिंह का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद डीएसपी करनैल सिंह द्वारा सख्त एक्शन लिया गया। इस मामले में पुलिस अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके साथ ही एएसआई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। जीरकपुर के डीएसपी ट्रैफिक करनैल सिंह ने बताया है कि ट्रैफिक कर्मी के पैसे लेने को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो को लेकर मोहाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। मामले में एएसआई सोहन सिंह को लाइन हाजिर कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा वीडियो शेयर करने वाले व्यक्ति से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि उसका बयान दर्ज कर मामले की गहन जांच की जा सके और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा सके। यह कार्रवाई दो युवकों से रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने बाद हुई है। युवकों ने दावा किया था कि एएसआई ने चालान न काटने की एवज में पैसे मांगे थे।
वीडियो में एक युवक ट्रैफिक बूथ के बाहर खड़े एएसआई से बातचीत करता नजर आ रहा है। बातचीत के दौरान युवक पहले 500 रुपये देने की बात करता है, लेकिन एएसआई उससे अधिक पैसे की मांग करता हुआ सुनाई देता है। इसके बाद युवक बाहर खड़े दूसरे व्यक्ति से पैसे लेकर आता है और एएसआई को पकड़ा देता है। वीडियो में युवक चालान न काटने और खींची गई फोटो डिलीट करने की बात भी करता सुनाई देता है। इस पर एएसआई युवक को आश्वासन देता है कि उसका चालान नहीं किया जाएगा।
यह घटना मंगलवार शाम को जीरकपुर फ्लाईओवर के नीचे घटी, लेकिन इसका वीडियो अब वायरल किया गया। इस पर आरोपी एएसआई का कहना था कि उसने कोई पैसे नहीं लिए। वीडियो को गलत तरीके से पेश गया है। मामले में एएसआई सोहन सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि वीडियो बनाकर गलत तरीके से पेश किया गया है। उनके अनुसार, किसी तरह की रकम नहीं ली गई और न ही कोई अवैध लेन-देन हुआ। युवक खुद पैसे देने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्होंने स्वीकार नहीं किए। उन्होंने कहा कि बातचीत के बाद युवक को बिना चालान के छोड़ दिया गया।

