ऊना/सुशील पंडित : संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान, ऊना में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय ऊना से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जागृति दत्ता ने विशेष रुप से शिरकत करते हुए सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, पहचान और उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। कार्यक्रम में संस्थान की छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। डॉ. जागृति दत्ता ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, लेकिन समय पर जांच, नियमित पैप स्मीयर स्क्रीनिंग और एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से इसके जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बीमारी के प्रमुख कारणों, शुरुआती लक्षणों तथा समय पर उपचार के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
इस मौके पर छात्राओं को नियमित क्लीनिकल स्क्रीनिंग, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित जीवनशैली तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने 14 साल की लड़कियों को प्रदेश सरकार द्वारा फ्री लगाई जा रही एचपीवी वेक्सीन लगाने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. जागृति दत्ता ने विस्तार से उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर हिमोत्कर्ष महिला मंच वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूपा ठाकुर, सदस्य रमा कंवर, रंजू बाला, मीना, निशा, सहित संस्थान की छात्राएं उपस्थित रही।

