अमृतसरः मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की अस्थिर कीमतों का असर अब भारत में भी दिखने लगा है। 15 मई की सुबह तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि कर दी, जिससे आम लोगों को बड़ा झटका लगा है। देश के कई बड़े शहरों में पेट्रोल की कीमतें ₹100 प्रति लीटर के पार पहुंच गई हैं, जबकि डीजल की कीमतों में ₹3 से ₹3.60 प्रति लीटर तक का इज़ाफ़ा दर्ज किया गया है। इस महंगाई के विरोध में आम आदमी पार्टी ने अमृतसर के क्रिस्टल चौक स्थित पेट्रोल पंप पर रोष प्रदर्शन किया।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाज़ी की और पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ती कीमतों को लेकर अपना गुस्सा ज़ाहिर किया। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि केंद्र में बैठी मोदी सरकार देश चलाने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की ज़िंदगी मुश्किल बना दी है। पार्टी नेताओं ने कहा कि पेट्रोल और डीजल महंगे होने से सिर्फ़ आवागमन ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की चीजों के दाम भी बढ़ जाएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि तुरंत पेट्रोल व डीजल की कीमतों पर नियंत्रण किया जाए ताकि आम जनता को महंगाई से कुछ राहत मिल सके।

