शिमला: हिमचाल प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। वहीं बारिश के कारण कई जगहों पर लैंडस्लाइड की खबरें सामने आई है। किन्नौर जिले के पूह उपमंडल के लिप्पा में बारिश के बाद पेजर नाले में बाढ़ के साथ आए मलबे से तेती खड्ड का बहाव रुक गया, जिसके कारण लिप्पा गांव को जोड़ने वाला करीब 100 फीट लंबा लोहे का बेली ब्रिज पानी में डूब गया। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली-पानी की सप्लाई भी बाधित हुई है। राज्य में कुल 75 सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं राजधानी शिमला में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनने लगी है।
दो दिनों से जारी बारिश के बीच ऑकलैंड टनल के पास अग्रवाल धर्मशाला के समीप एक डंगा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में वहां खड़े 5 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भारी बारिश के कारण डंगा कमजोर हो गया था। अचानक उसका एक हिस्सा धंस गया, जिससे ऊपर खड़े दो वाहन नीचे की ओर खिसक गए और नीचे खड़ी तीन अन्य गाड़ियों पर जा गिरे। हादसे के साथ ही भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर फैल गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बीते दिन देर शाम तक 75 सड़कें बंद हो चुकी थीं। 29 बिजली वितरण ट्रांसफार्मर (DTR) प्रभावित हुए और 5 पानी की योजनाएं बाधित हुई हैं। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और छोटे-मोटे लैंडस्लाइड भी हुए हैं, जिससे यातायात पर असर पड़ा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज शिमला और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। सोलन में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कुल्लू, मंडी, किन्नौर, हमीरपुर और चंबा में मध्यम बारिश का अनुमान है।

