लुधियानाः एटीआई रोड स्थित करतार चौक के पास अलसुबह पैदल जा रही महिला को 4 नकाबपोश बदमाशों ने अपना शिकार बनाया। बदमाशों ने महिला को रोककर हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। यह पूरी खौफनाक वारदात इलाके में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वारदात 16 तारीख की सुबह करीब 4:00 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पीड़ित महिला अपने घर की तरफ पैदल जा रही थी। सड़क पर सन्नाटा था, इसी का फायदा उठाकर सामने की ओर से एक बाइक पर सवार दो युवक आते हैं। वो पहले महिला को रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन फिर थोड़ी आगे जाकर रुक जाते हैं। तभी उनके पीछे-पीछे एक एक्टिवा पर सवार दो अन्य साथी भी वहां पहुंच जाते हैं।
View this post on Instagram
एक्टिवा जैसे ही महिला के पास आकर रुकती है उस पर पीछे बैठा एक युवक नीचे उतरता है। आरोपी ने सफेद रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी। उसने नीचे उतरते ही महिला को तेजधार हथियार दिखाकर डराना शुरू कर दिया। बहादुरी की मिसाल: खुद को घिरता देख महिला घबराई नहीं, बल्कि उसने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय दिया। महिला बचाव के लिए पीछे हटी और लुटेरे से भिड़ गई। जब महिला जान बचाकर आगे की तरफ भागी, तो सफेद टी-शर्ट वाले बदमाश ने उसका पीछा किया और उस पर किसी भारी चीज से वार कर दिया। इस हाथापाई के दौरान बदमाश के हाथ से उसका हथियार नीचे गिर गया।
हथियार नीचे गिरने के बाद बदमाश ने फुर्ती से उसे दोबारा उठाया और फिर से महिला को डराने लगा। आरोपी ने महिला के हाथ से उसका लिफाफा छीनने की कोशिश की, लेकिन जब उसमें नाकाम रहा तो उसने महिला का मोबाइल फोन झपट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दौड़कर अपने साथी की एक्टिवा पर पीछे बैठ गया। हालांकि पीड़ित महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया और शोर मचाया लेकिन सुबह का वक्त होने के कारण चारों बदमाश पलक झपकते ही मौके से फरार होने में कामयाब रहे। इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में भारी दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिस की गश्त न होने के कारण सुबह और देर रात के वक्त ऐसी वारदातें बढ़ रही हैं। फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दावा किया जा रहा है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
