अमृतसरः कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हथियार सहित गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आकाशदीप सिंह उर्फ़ आकाश, हरमनदीप सिंह उर्फ़ हरमन, मनीष सिंह उर्फ़ मनीष, किशन सिंह और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 आधुनिक पिस्टलें और 14 कारतूस बरामद किए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह पूरा ऑपरेशन खुफिया जानकारी पर आधारित था, जिसे एंटी-नारकोटिक्स ऑपरेशन सेल ने अंजाम दिया। जांच के दौरान सामने आया कि मुख्य आरोपी आकाशदीप सिंह पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में था और ड्रोन के माध्यम से अटारी सेक्टर में छोड़ी जाने वाली हथियार खेपों को आगे अपराधी तत्वों तक पहुंचाता था।
पुलिस के अनुसार आकाशदीप पहले भी नशा तस्करी के मामले में जेल काट चुका है। साल 2020 में लोपोके थाने में दर्ज दो किलो हेरोइन के मामले में वह गिरफ्तार हुआ था और 23 मार्च 2026 को जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर सीमा पार तस्करों से संपर्क कर अपना नेटवर्क सक्रिय कर लिया। जांच में यह भी पता चला कि आकाशदीप ने अपने इलाके के युवाओं और एक नाबालिग को पैसे का लालच देकर इस धंधे में जोड़ रखा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से कुछ लेबर और प्लम्बिंग का काम करते थे और कम उम्र में ज्यादा पैसे कमाने के लोभ में इस रास्ते पर आ गए। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि युवाओं को ऐसे गलत कामों से दूर रहना चाहिए और माता-पिता को भी अपने बच्चों पर नजर रखने की आवश्यकता है।

