नई दिल्ली: पिछले लगातार दो सत्रों से जारी गिरावट के सिलसिले को तोड़ते हुए भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। आज दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स और एनएससी निफ्टी हरे निशान पर खुले। ऐसे में निफ्टी 50 48 अंक या 0.20% बढ़कर 23,913.55 पर खुला, जबकि बीएसई सेंसेक्स 169 अंक या 0.22% बढ़कर 76,647.80 पर खुला। बाजार में आज फिर से ऑटो शेयरों में अच्छी खरीदारी देखी जा रही है। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 1 फीसदी तक चढ़ गया है। सबसे ज्यादा तेजी मीडिया शेयरों में देखने को मिल रही है और निफ्टी मीडिया इंडेक्स डेढ़ प्रतिशत तक उछल गया है।
जी एंटरटेनमेंट लिमिटेड के शेयर 5 फीसदी से ज्यादा चढ़ गए हैं। इसके अलावा, प्राइम फोकस, नेटवर्क 18, डीबी कॉर्प, टिप्स म्यूजिक और पीवीआर आइनॉक्स के स्टॉक 4 फीसदी तक की तेजी दिखा रहे हैं। वहीं, ऑटो सेक्टर में अशोक लीलैंड, एम एंड एम, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, टीवीएस मोटर्स, एक्साइड इंडस्ट्रीज के शेयर 2 फीसदी तक की तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। जापानी येन बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 40 साल के निचले स्तर पर फिसल गया, जबकि 30-स्टॉक इंडेक्स ने पांच वर्षों में अपना सबसे मजबूत प्रदर्शन दर्ज करने के बाद मंगलवार रात को डॉऊ फ्यूचर्स में गिरावट दर्ज की।
एलएसईजी के आंकड़ों के अनुसार, येन कमजोर होकर 162.28 प्रति डॉलर हो गया, जिससे पिछले सत्र से इसका नुकसान बढ़ गया। गिफ्ट निफ्टी 23,994 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 16 अंकों की छूट है। यह भारतीय शेयर मार्केट के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी के लिए सपाट शुरुआत का संकेत देता है। शेयर बाजार में कल यानी 30 जून को गिरावट रही। सेंसेक्स 250 अंक की गिरावट के साथ 76,479 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 81 अंक की गिरावट रही। ये 23,866 पर बंद हुआ था।

