मुंबईः बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा ने बाली में हादसे में रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर होने के बाद पहली बार सोशल मीडिया पर अपना अपडेट साझा किया है। अभिनेत्री को आगे के इलाज के लिए मुंबई लाया गया था। शनिवार को उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें उनके ठीक होने की प्रक्रिया की झलक देखने को मिली। इसके साथ ही उन्होंने जिंदगी को लेकर अपना नजरिया भी बयां किया।
नुसरत भरूचा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बड़ी खिड़की के पास रखी खाली रिक्लाइनिंग व्हीलचेयर की तस्वीर साझा की। खिड़की के बाहर डूबते सूरज का खूबसूरत नजारा दिखाई दे रहा था। इस तस्वीर के साथ अभिनेत्री ने लिखा कि हमेशा से सूर्यास्त के खूबसूरत नजारों के पीछे भागती रही हैं, लेकिन अचानक हुए हादसे ने जिंदगी को देखने का उनका नजरिया बदल दिया। हालांकि, उन्होंने संदेश के आखिर में ‘पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त लिखकर यह भी जताया कि उनकी कहानी अभी खत्म नहीं हुई है।
नुसरत भरूचा काम के सिलसिले में बाली गई थीं। बाद में यह यात्रा काम के साथ छुट्टियों में भी बदल गई। इसी दौरान उनके साथ हादसा हो गया, जिसमें उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। उनकी टीम ने बताया था कि हादसे के बाद उन्हें बाली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर रख रहे थे।
हादसे की जानकारी सामने आने के बाद अभिनेत्री की टीम ने उनके स्वास्थ्य को लेकर बयान जारी किया था। टीम ने बताया था कि नुसरत को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाने की व्यवस्था की जा रही है।
नुसरत की टीम ने कहा था कि फिलहाल उनकी सेहत और उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। टीम के मुताबिक, अभिनेत्री को आगे के इलाज और सर्जरी के लिए मुंबई लाने की व्यवस्था की जा रही थी। चोट और सर्जरी के बाद नुसरत को आराम करने और पूरी तरह ठीक होने के लिए समय की जरूरत होगी।
इसका असर आने वाले कुछ हफ्तों में उनके काम से जुड़े कार्यक्रमों पर भी पड़ सकता है। साथ ही, टीम ने लोगों से अभिनेत्री की निजता का सम्मान करने की अपील की थी ताकि वह बिना किसी परेशानी के अपने इलाज और रिकवरी पर ध्यान दे सकें।
