मेरठ में सामने आए अतुल पवार हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश कई महीने पहले ही रच ली थी। पुलिस के अनुसार, हत्या को हादसा दिखाने के लिए दोनों ने ऐसा तरीका चुना, जिससे किसी को आसानी से शक न हो।
इंटरनेट पर खोजा सबसे जहरीला सांप
पुलिस जांच में सामने आया कि दामिनी ने इंटरनेट पर अलग-अलग जहरीले सांपों के बारे में जानकारी जुटाई। उसने कोबरा, करैत और वाइपर जैसे सांपों के बारे में पढ़ा। जानकारी लेने के बाद उसे पता चला कि करैत सांप बेहद जहरीला होता है और रात के समय ज्यादा सक्रिय रहता है। यह अक्सर भोजन और गर्मी की तलाश में घरों के अंदर भी घुस जाता है और कई बार सो रहे लोगों को काट लेता है। यही वजह थी कि दामिनी और तुषार ने करैत को अपनी साजिश के लिए सबसे उपयुक्त माना।
सांप की फोटो दिखाकर साथियों से मंगवाया करैत
जांच के अनुसार, तुषार ने इंटरनेट से करैत सांप की तस्वीर डाउनलोड की और अपने साथियों सोनू और उदय को दिखाते हुए कहा कि उन्हें यही सांप चाहिए। इसके लिए उन्होंने एक सपेरे की मदद ली और उसे 15 हजार रुपये देने की बात तय हुई। काफी कोशिशों के बाद सपेरा करैत सांप पकड़कर लाया और उसे आरोपियों को सौंप दिया।
हत्या से पहले दो दिन तक सांप को रखा भूखा
पुलिस के मुताबिक, सांप मिलने के बाद आरोपी उसे दो दिन तक भूखा रखते रहे ताकि वह ज्यादा आक्रामक हो जाए। इसके बाद हत्या की पूरी योजना तैयार की गई और सही मौके का इंतजार किया गया।
पति को पहले दी गई नींद की गोलियां
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात वाली रात दामिनी ने अपने पति अतुल को दूध में 10 से 12 नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। गोलियों के असर से अतुल गहरी नींद में सो गया। इसके बाद दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार को फोन कर घर बुलाया।
सोते समय बिस्तर पर छोड़ा गया सांप
पुलिस के अनुसार, देर रात तुषार सांप लेकर घर पहुंचा। इसके बाद दामिनी ने खुद करैत सांप को अतुल के बिस्तर पर छोड़ दिया। भूखे करैत ने सो रहे अतुल को डस लिया। जहरीले सांप के काटने से उसकी मौत हो गई।
गांव में होने वाली घटनाओं से मिला था आइडिया
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने यह भी जानकारी जुटाई थी कि ग्रामीण इलाकों में करैत सांप के घरों में घुसकर लोगों को काटने की घटनाएं पहले भी होती रही हैं। इसी वजह से उन्हें लगा कि इस तरह की मौत पर किसी को आसानी से शक नहीं होगा। उन्होंने यह भी पता किया था कि हस्तिनापुर क्षेत्र में करैत सांप पाया जाता है या नहीं।
चारों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ
पुलिस ने इस मामले में दामिनी, उसके प्रेमी तुषार और उसके साथी सोनू व उदय से अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आईं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपियों से मिले सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
