लुधियानाः केंद्रिय एजेंसियों द्वारा लगातार पंजाब में कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हाल ही में ईडी और सीबीआई द्वारा कई कारोबारियों और विजिलेंस हेडक्वार्टर के ठिकानों पर दबिश दी गई थी। वहीं आज केंद्रीय एजेंसी की ईडी टीम ने फिरोजपुर रोड स्थित ग्रीन सिटी इलाके में जतिंदर सचदेवा कारोबारी के ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार्रवाई किस विभाग द्वारा की जा रही है, लेकिन शुरुआती जानकारी के मुताबिक रेड केंद्रीय एजेंसी की ओर से की गई है। सूत्रों के अनुसार कारोबारी जतिंदर सचदेवा के ठिकानों पर सुबह-सुबह टीमें पहुंचीं।
अधिकारियों ने घर और अन्य परिसरों में जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि टीम कारोबारी से दस्तावेजों और कारोबारी लेनदेन को लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय एजेंसी ने शहर में कारोबारी के अन्य ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी है। कार्रवाई के दौरान टीम ने कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अपने कब्जे में लिए हैं। सुबह अचानक केंद्रीय एजेंसी की गाड़ियों के पहुंचने से ग्रीन सिटी इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी।

