Medical Waste मिलने पर होगी FIR दर्ज : निगम कमिश्नर शेरगिल
अमृतसर : शहर में सफाई के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए निगम ने Dr. Om Parkash Optical center के खिलाफ कार्रवाई की है। नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल खुद मौके पर पहुंचे और हॉस्पिटल का ₹10 हजार का चालान काट कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
दरअसल, रात में सड़क पर कचरे से भरे लिफाफे मिले थे। नगर निगम की टीम द्वारा कचरे की जांच की गई , तो पता चला कि यह कचरा ओम प्रकाश हॉस्पिटल से जुड़ा है। जिसके बाद नगर निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंच कार्रवाई शुरू कर दी।
नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने कहा कि अगर इस कचरे में मेडिकल वेस्ट मिला, तो हॉस्पिटल मैनेजमेंट के खिलाफ FIR भी दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल वेस्ट का डिस्पोजल तय नियमों के मुताबिक ही किया जाना चाहिए और इस मामले में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कमिश्नर ने कहा कि नगर निगम ने शहर में दिन में तीन बार कचरा उठाने का इंतज़ाम किया है। जिसके बावजूद कुछ बड़े संस्थान और कमर्शियल यूनिट सड़कों पर कचरा फेंककर शहर की सफाई को प्रभावित कर रहे हैं।
लोगों को बार-बार जागरूक करने के बावजूद अगर नियमों का उल्लंघन जारी रहा, तो ऐसे संस्थानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम अधिकारियों ने हॉस्पिटल, संस्थानों और कमर्शियल जगहों से अपील की है कि वे कचरे का डिस्पोजल नियमों के मुताबिक करें। ताकि शहर को साफ और प्रदूषण मुक्त रखा जा सके।

