जालंधरः लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में हुई हिंसा के बाद अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। इसी बीच यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कथित तौर पर अनुशासनहीनता में शामिल विद्यार्थियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। यूनिवर्सिटी द्वारा जारी नोटिस के अनुसार संबंधित विद्यार्थियों को 14 अक्टूबर को अनुशासनात्मक बोर्ड के समक्ष पेश होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं।
8 अक्टूबर को जारी नोटिस में विद्यार्थियों को 14 अक्टूबर को सुबह 10 बजे यूनिवर्सिटी कैंपस के ब्लॉक-4 स्थित कमरा नंबर 211 में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। नोटिस में हिंसा, अशांति फैलाने, प्रदर्शनों में शामिल होने, तोड़फोड़ करने और यूनिवर्सिटी के अनुशासन का उल्लंघन करने जैसी कथित गतिविधियों का उल्लेख किया गया है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा संबंधित विद्यार्थियों को उनके खिलाफ लगाए आरोपों पर स्पष्टीकरण देने और अपने बचाव में सबूत पेश करने का अवसर दिया गया है। फिलहाल अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। बोर्ड की सुनवाई के बाद ही इस संबंध में अगला फैसला लिया जाएगा। ऐसे में केवल नोटिस जारी होने को विद्यार्थियों के दोषी साबित होने के तौर पर नहीं देखा जा सकता। हिंसा के बाद यूनिवर्सिटी में सामान्य शैक्षणिक माहौल बहाल करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों के अपने घरों से लौटने के साथ सोमवार से कक्षाएं दोबारा शुरू करने की तैयारी है। वहीं, दूसरी ओर पुलिस भी हिंसा से जुड़े मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
