चंडीगढ़: पंजाब के लिए गर्व की एक और उपलब्धि दर्ज करते हुए सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), मानसा की छात्रा जसप्रीत कौर ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। होनहार छात्रा जसप्रीत कौर को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जसप्रीत कौर और उसके इंस्ट्रक्टर गुरबिंदर सिंह को उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं योगदान के लिए 25-25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा, “यह पंजाब के लिए बेहद गर्व की बात है कि हमारी बेटी जसप्रीत कौर ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड में राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च स्थान हासिल करके प्रदेश का नाम रोशन किया है। उसकी कड़ी मेहनत और समर्पण पंजाब के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”
प्रदेशभर के अन्य आईटीआई के प्रिंसिपलों से नए उत्साह और सकारात्मक सोच के साथ विद्यार्थियों को प्रेरित करने का आह्वान करते हुए स. बैंस ने पंजाब के युवाओं से अपनी शिक्षा और प्रशिक्षण को पूरी लगन एवं कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ाने की अपील की।
उन्होंने कहा, “मैं अपने विद्यार्थियों को ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी लगन से मेहनत करने हेतु प्रोत्साहित करता हूं। कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से वे भी ऐसी अनुकरणीय उपलब्धियां हासिल करके अपने परिवारों और प्रदेश का गौरव बढ़ा सकते हैं।”

