दसूहा/होशियारपुरः जालंधर पुलिस ने टांडा के पूर्व एसएचओ गुरजिंदरजीत सिंह नागरा को दसूहा स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट परिसर में पेश किया। पुलिस द्वारा आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में अदालत के आदेश और पुलिस की आगामी कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
आपको बता दें पंजाब पुलिस ने टांडा थाने के पूर्व थाना प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा को चार करोड़ रुपए की रंगदारी और भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया था। ये कार्रवाई अमेरिकी एफबीआई के ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ में नाम सामने आने के बाद की गई।
जांच एजेंसियों के मुताबिक नागरा पर लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े लोगों के साथ मिलकर अमेरिका में रह रहे एक परिवार से रंगदारी मांगने का आरोप है। डीआईजी जालंधर रेंज नवीन सिंगला के निर्देश पर जांच पूरी होने के बाद नागरा के खिलाफ एक्सटॉर्शन और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। जांच जालंधर के एसपी इन्वेस्टिगेशन वनीत अहलावत को सौंप गई थी।
