जालंधर, ENS: महानगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं चोरों ने 3 से 4 दुकानों को अपना निशाना बनाते हुए एयर कंडीशनर के बाहरी यूनिट की तांबे की पाइपें, वायरिंग और अन्य कीमती सामान चोरी करके फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मुख्य सड़क और व्यस्त इलाका होने के बावजूद इस तरह की चोरी ने दुकानदारों में डर और प्रशासन के प्रति रोष पैदा कर दिया है। घटनास्थल पर मौजूद दीपांशु जोशी और अन्य दुकानदारों ने बताया कि यह चोरी देर रात 2 से 3 बजे के बीच हुई लगती है।
ताज्जुब की बात यह है कि यह दुकानें बिल्कुल मुख्य सड़क पर स्थित हैं, जहां रात भर वाहनों की आवाजाही रहती है। दुकानदारों का कहना है कि चोरों ने ‘कनाडा’, ‘रमन स्पोर्ट्स’ और ‘भरत स्टोर’ जैसी प्रमुख दुकानों को निशाना बनाया। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि कुछ दुकानों के सीसीटीवी कैमरे रात के समय काम नहीं कर रहे थे, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। दुकानदारों ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे तक पास की एक किताबों की दुकान खुली थी, तब तक सब कुछ ठीक था। उसके बाद ही चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को दुकानदारों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है। दुकानदारों का कहना है कि यहां कोई पक्का चौकीदार न होने के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि रात के समय पीसीआर की गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों को रोका जा सके। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। दुकानदारों का अनुमान है कि इस चोरी के कारण उन्हें हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है, क्योंकि एसी की पूरी वायरिंग और गैस रिफिलिंग का खर्च काफी अधिक होता है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।
