4 माह पहले लिया था किराये पर मकान
जालंधर, ENS: शहर की मुस्लिम कॉलोनी में स्थित क्वार्टरों के बंद कमरों से पुलिस ने तारों के कई बोरे बरामद किए हैं। इन बोरों में कटी हुई तारें भरी हुई थीं। पुलिस को सूचना मिली थी कि क्वार्टरों के कमरों में चोरी का सामान रखा हुआ है। इसके बाद थाना रामामंडी की पुलिस मौके पर पहुंची और क्वार्टर मालिक से संपर्क कर कमरों के ताले खुलवाए। पुलिस ने तारों के बोरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मुस्लिम कॉलोनी स्थित क्वार्टरों के कुछ कमरे बंद थे। पुलिस ने कमरों में रहने वाले युवक से कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह कथित तौर पर टालमटोल करता रहा और मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने क्वार्टर मालिक गुरविंदर सिंह से संपर्क किया। उनकी मदद से कमरों के ताले तोड़कर अंदर जांच की गई तो वहां से तारों से भरे कई बोरे बरामद हुए। पुलिस इन बोरों को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।
क्वार्टर मालिक गुरविंदर सिंह ने बताया कि उसने करीब चार महीने पहले रमजान नाम के युवक को कमरा किराए पर दिया था। युवक ने उसे बताया था कि वह कबाड़ का काम करता है। गुरविंदर सिंह के मुताबिक, उसने कई बार फोन करके रमजान को कमरे पर बुलाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं आया। पुलिस ने जब उसे कमरों में चोरी का सामान होने की सूचना दी, तो उसे भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। मौके पर पहुंचे थाना रामामंडी के जांच अधिकारी एएसआई गुरदीप सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि मुस्लिम कॉलोनी स्थित क्वार्टरों के कमरों में चोरी का सामान और तारों से भरे बोरे पड़े हुए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे में रहने वाले व्यक्ति से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वह टालमटोल करता रहा। इसके बाद क्वार्टर मालिक से संपर्क कर कमरों के ताले खुलवाए गए और अंदर से तारों के कई बोरे बरामद किए गए। एएसआई के अनुसार बरामद तारों को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है। कमरे में रहने वाले युवक को मामले के संबंध में जानकारी देने के लिए थाने बुलाया गया है। यदि वह थाने नहीं पहुंचता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस बरामद तारों के स्रोत और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।