जालंधरः महानगर के चरणजीतपुरा इलाके से चाय वाले और एक दुकानदार के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चाय वाले का फोन कहीं गुम हो गया था। इसी को लेकर उसने सामने की दुकान पर जाकर दुकानदार से बात की। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
मामले की जानकारी देते हुए दुकानदार रिंकू ने बताया कि सामने चाय की दुकान चलाने वाले व्यक्ति को इलाके में बावा के नाम से जाना जाता है। रिंकू के अनुसार, शाम के समय बावा उसकी दुकान पर आया और कहने लगा कि उसका मोबाइल फोन गायब हो गया है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई।
रिंकू का आरोप है कि बहस के दौरान चाय वाले ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उसने दुकान में रखा सामान भी इधर-उधर बिखेर दिया। विवाद बढ़ता देख आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया।
दुकानदार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की
दुकानदार रिंकू ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उसका कहना है कि बिना किसी वजह के उसके साथ मारपीट की गई और दुकान का सामान भी बिखेरा गया। फिलहाल, मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।

