जालंधर, ENS: हरनामदासपुरा स्थित शिवपुरी के विकास और वहां उपलब्ध सुविधाओं को लेकर विवाद लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल की ओर से शिवपुरी के विकास के लिए एमपी लैड फंड से 50 लाख रुपये की ग्रांट देने की घोषणा के बाद इस मामले में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां नितिन कोहली ने इस घोषणा का स्वागत किया है, वहीं पार्षद गुरबिंदर बंटी ने शिवपुरी में प्रस्तावित व्यवस्थाओं और स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर सवाल उठाए हैं। दूसरी तरफ कमेटी के प्रधान जिमी कालिया ने आरोपों को खारिज करते हुए भ्रष्टाचार साबित करने की खुली चुनौती दी है।
श्मशान घाटों में सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी
राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल ने कहा कि आमतौर पर सड़कों, मंदिरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के विकास पर ध्यान दिया जाता है, लेकिन श्मशान घाटों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी उतना ही जरूरी है। अंतिम संस्कार के समय परिवार पहले से ही दुख की स्थिति में होता है। ऐसे में बैठने की व्यवस्था, पीने का पानी, शौचालय और धूप-बारिश से बचाव जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 50 लाख रुपये की ग्रांट से शिवपुरी में जरूरी विकास कार्य करवाए जाएंगे, ताकि यहां आने वाले परिवारों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
वहीं, नितिन कोहली ने राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल की इस घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि किसी परिवार के प्रियजन का निधन होने पर परिवार पहले से ही दुख में होता है। ऐसे समय में श्मशान घाट में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस ग्रांट से शिवपुरी में सुविधाओं का विकास होगा और अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिवारों को राहत मिलेगी।
पार्षद गुरबिंदर बंटी ने उठाए सवाल
दूसरी तरफ पार्षद गुरबिंदर बंटी ने शिवपुरी में प्रस्तावित व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इस संबंध में किसी ने उन्हें फोन करके जानकारी दी थी? उन्होंने कहा कि उन्हें हाल ही में इस मामले की जानकारी मिली है। बंटी ने सवाल किया कि क्या श्मशान घाट में रस्म पगड़ी के लिए अलग हॉल बनाने की योजना के बारे में स्थानीय पार्षद और आसपास के निवासियों को विश्वास में लिया गया है?
उन्होंने कहा कि शिवपुरी के आसपास पहले से ही पार्किंग की काफी समस्या है। ऐसे में यदि यहां रस्म पगड़ी के लिए हॉल बनाया जाता है और एक तरफ रस्म पगड़ी का कार्यक्रम चल रहा हो तथा उसी समय किसी परिवार का अंतिम संस्कार भी हो, तो वहां भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ सकती है। इससे आसपास के इलाकों के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बंटी ने कहा कि श्मशान भूमि के पिछले हिस्से में हनुमान जी की मूर्ति स्थापित है और उसके पीछे बाथरूम भी बना हुआ है। इन व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करवाने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। बंटी ने कहा कि वह सभी रिकॉर्ड और कागजात सामने लाएंगे, ताकि पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सके।
जिमी कालिया ने दी खुली चुनौती
उधर, शिवपुरी कमेटी के प्रधान जिमी कालिया ने कमेटी की कार्यप्रणाली और आर्थिक लेन-देन पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए भ्रष्टाचार के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कमेटी में स्थानीय मोहल्लों के सदस्य शामिल हैं और यह श्मशान भूमि शहर के लगभग आधे हिस्से को सेवाएं प्रदान करती है। जब उन्होंने कमेटी की जिम्मेदारी संभाली थी, उस समय आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी, लेकिन सदस्यों और दानदाताओं के सहयोग से सफाई और विकास के कई कार्य करवाए गए।
पैसों के हिसाब-किताब पर जिमी कालिया ने कहा कि कमेटी में पारदर्शिता के साथ काम किया जाता है। उनके अनुसार, 2,500 रुपये से अधिक का नकद खर्च नहीं किया गया और भुगतान चेक के माध्यम से किए जाते हैं, जिन पर उनके हस्ताक्षर अनिवार्य हैं।
उन्होंने कहा कि श्मशान भूमि जैसी धार्मिक और सामाजिक संस्था को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनाना चाहिए। भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वालों को खुली चुनौती देते हुए जिमी कालिया ने कहा कि यदि कोई एक रुपये की भी गड़बड़ी साबित कर दे तो वह तुरंत प्रधान पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें पद का कोई लालच नहीं है और उनका उद्देश्य केवल संस्था की सेवा और विकास करना है।
फिलहाल 50 लाख रुपये की ग्रांट की घोषणा के बाद शिवपुरी की व्यवस्थाओं, प्रस्तावित निर्माण, पार्किंग की समस्या और कमेटी की कार्यप्रणाली को लेकर अलग-अलग पक्षों के बयान सामने आ रहे हैं। अब देखना होगा कि विकास कार्यों की रूपरेखा क्या तय होती है और स्थानीय निवासियों की चिंताओं को किस तरह दूर किया जाता है।
