जालंधर, ENS: बिहार सहित पंजाब भर में भी छठ पूजा का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। वहीं इस पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को ‘नहाय-खाय’ के अनुष्ठान के साथ विधिवत रूप से शुरू हो गया। पर्व को लेकर बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है और दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु पूजा के लिए कोसी, पीतल व बांस के सूप, दउरा, साड़ी, गन्ना, नारियल और फलों समेत हर छोटी-बड़ी सामग्री की खरीदारी में जुटे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं द्वारा आज यानि शनिवार, 14 नवंबर को पर्व का दूसरा प्रमुख अनुष्ठान ‘खरना’ किया जाएगा।
इसके बाद 15 नवंबर को अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य और 16 नवंबर को उदीयमान (उगते) सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का समापन होगा।इस बार शहर में 2.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के छठ पूजा में शामिल होने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से शहर में करीब 20 छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, घाटों की साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा तक के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। जालंधर के बेअंत सिंह पार्क, कपूरथला रोड, गदईपुर, श्री देवी तालाब मंदिर और बर्ल्टन पार्क सहित शहर के करीब 20 स्थानों पर छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं।
इन घाटों पर साफ-सफाई, पानी से गाद निकालने और रोशनी के उचित प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी निर्धारित घाटों पर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा पूर्वांचल विकास महासभा की टीमें भी त्योहार के दौरान घाटों पर मौजूद रहकर श्रद्धालुओं की सहायता करेंगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें मदद उपलब्ध करवाएंगी। छठ महापर्व का दूसरा दिन यानी शनिवार को ‘खरना’ के रूप में मनाया जाएगा, जो इस व्रत का सबसे अहम चरण है।
खरना का अर्थ ‘शुद्धिकरण’ है। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखते हैं और शाम को सूर्यास्त के बाद मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर गुड़ और चावल की खीर (रसिया) तथा रोटी का विशेष प्रसाद तैयार करते हैं। छठ माता को भोग लगाने के बाद व्रती स्वयं इस प्रसाद को ग्रहण करते हैं और फिर इसे परिवार व आस-पड़ोस में बांटा जाता है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाता है, जो सप्तमी के दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही खुलता है। पंडित एके मिश्रा के अनुसार, संतान प्राप्ति, संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए किए जाने वाले इस व्रत के नियम बेहद कठिन हैं, लेकिन निष्ठा से पालन करने पर छठ माता की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
