2024 में भी हुआ था पर्चा दर्ज, स्पा सेंटर को बंद करने की कवायद शुरू
जालंधर, ENS: कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में चल रहे कथित देह व्यापार मामले में रेड की। इस दौरान 3 युवतियां और एक युवक को गिरफ्तार किया है। थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी हुई थी। जिसमें ताज मार्केट में स्थित रॉयल स्पा सेंटर में गलत काम चल रहा है। ऐसे में पुलिस ने रेड के दौरान पाया कि रॉयल स्पा मसाज सेंटर की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है।
पुलिस ने मौके से एक युवक और तीन लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं छापेमारी के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान अशोक उर्फ आर्यन पुत्र राम कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सेनीपुरा, रोहतक (हरियाणा) का रहने वाला है और वर्तमान में रोहिणी सेक्टर-1, दिल्ली में रह रहा था। गिरफ्तार युवतियों की पहचान पूजा पुत्री राजिंदर कुमार, निवासी मॉडल टाउन, पानीपत; प्रीती मिश्रा पुत्री किशोरी मिश्रा, निवासी बस्ती गुज्जां, जालंधर; और वंदना पुत्री कप्तान सिंह, निवासी अंसल सुशांत सिटी, पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि स्पा सेंटर संचालक बाहरी राज्यों से युवतियों को बुलाकर ग्राहक सेवा की आड़ में कथित तौर पर यह अवैध धंधा चला रहे थे। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर-7 में Immoral Traffic (Prevention) Act की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि 2024 में स्पा सेंटर के खिलाफ पर्चा दर्ज किया गया था। वहीं अब नया मामला दर्ज किया है। इसी के साथ स्पा सेंटर के मालिक को नामजद करके स्पा सेंटर को बंद करवाया जा रहा है।
