मोहालीः कस्बा खरड़ की मार्कीट में उस समय हंगामा हो गया जब एक बच्चा कार के अंदर फंस गया। एक साल के बच्चे को एहसास ही नहीं था कि वह किसी मुसीबत में है। वह कार के अंदर खेलता रहा और गाड़ी को अंदर से लॉक कर लिया। जब इसका पता उसके परिजनों को चला तो उन्होंने गाड़ी का लॉक खोलने की कोशिश की। लॉक न खुलने पर उन्होंने शीशा तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला।
जानकारी अनुसार, गाड़ी में ऑटोमेटिक लॉक सिस्टम था। अंदर से एक बटन दबाने पर पूरी गाड़ी लॉक हो गई। बच्चे को गाड़ी के अंदर फंसा देखकर वहां काफी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने अपने-अपने तरीके से गाड़ी का शीशा उतारने और लॉक खोलने की कोशिश की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जब लॉक नहीं खुला तो गाड़ी का शीशा तोड़ना पड़ा। इस दौरान हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि इस वाक्य के दौरान बच्चा जरा सी भी नहीं घबराया और गाड़ी के अंदर आराम से खेलता रहा, जैसे उसे पता ही न हो कि बाहर क्या हो रहा है।
वहीं इसका एक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वीडियो बनाने वाली एक महिला लोगों को सलाह दे रही है कि बाजार जाते समय सावधानी रखें और इस तरह छोटे बच्चों को कार के अंदर अकेला न छोड़ें। फिलहाल पुलिस के पास मामले की कोई शिकायत नहीं है।
