जालंधर, ENS: देहात से बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार नकोदर में धार्मिक स्थान पर माथा टेकने गया नवविवाहित जोड़ा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। दोनों का एक साल पहले ही विवाह हुआ था। इस घटना को लेकर पीड़ित परिवार के सदस्यों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिवार के अनुसार दोनों के फोन बंद आ रहे हैं। घटना की शिकायत परिवारिक सदस्यों द्वारा थाना नंबर 8 की पुलिस को दे दी गई है ।
पुलिस को दी गई शिकायत में न्यू हरदियाल नगर कोटला रोड के रहने वाले बलजीत सिंह, पुत्र बलवीर सिंह ने बताया कि उसका भाई गुरजीत सिंह और भाभी आशू रानी शनिवार को लाडोवाली रोड स्थित एक बैंक में नौकरी संबंधी इंटरव्यू देने गए थे। जिसके बाद उन्हें दोपहर लगभग 1 बजे उनका फोन आया। दोनों ने कहा कि वे नकोदर धार्मिक स्थान पर माथा टेकने जा रहे हैं। जिसके बाद 4 बजे तक उनका कोई फोन नहीं आया। बलजीत सिंह के कहा कि जब उसने 4 बजे के बाद फोन किया तो दोनों का फोन बंद आ रहा था।
जिसके बाद परिवार घबरा गया और उन्होंने नकोदर जाकर काफी समय तक दोनों की तालाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान परिवार ने दोनों के रिश्तेदारों और जानकारों से भी पूछा, लेकिन गुरजीत सिंह और आशू के बारे में कुछ पता नहीं चला। परिवार ने कहा कि अभी तक दोनों का कुछ पता नहीं चल पाया। जिसके बाद अब पीड़ित परिवार ने सीपी धनप्रीत कौर से मांग की है कि दोनों के मोबाइल नंबरों की डिटेल और आखिरी लोकेशन निकलवाई जाए, ताकि पति-पत्नी का सुराग मिल सके।