जालंधर, ENS: फिल्लौर से लुधियाना जाने वाले जीटी रोड पर विरासत ढाबे के सामने एक बेकाबू महिंद्रा XUV 3XO कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में कार सवार 3 लोग घायल हो गए हैं। तीनों घायलों जगजीत सिंह (37), मक्खन सिंह (40) और दीपक (25) को तुरंत इलाज के लिए फिल्लौर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। सभी घायलों को इलाज के लिए फिल्लौर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 3 बजकर 40 मिनट पर हुआ। महिंद्रा XUV कार (PB10KR2445) फिल्लौर से लुधियाना की तरफ जा रही थी। कार ड्राइवर मक्खन सिंह ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ एक लोक गायक के कार्यक्रम से वापस घर लौट रहे थे। सफर के दौरान सुबह के वक्त कार चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई।
इससे कार पूरी तरह बेकाबू हो गई और सड़क किनारे सही तरीके से खड़े एक ट्रक (PB03BJ3538) के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना एमडीटी डिवाइस के जरिए मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने बिना समय गंवाए एनएचएआई (NHAI) की एंबुलेंस को मौके पर बुलाया।
सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने इस दुर्घटना की सूचना फोन के माध्यम से फिल्लौर पुलिस थाने को भी दी। हाईवे पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए टीम ने टो-वैन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया। इस पूरे बचाव कार्य के दौरान सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम में एएसआई जसविंदर सिंह, कांस्टेबल अनिकेत और कांस्टेबल मोहम्मद अनीस मौजूद रहे। टीम की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की वजह से तीनों घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।

