जालंधर, ENS: मनी लॉन्ड्रिंग केसों को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) टीम लगातार एक्शन मोड में दिखाई दे रही है। दरअसल, बीते दिन ही ईडी टीम द्वारा सेंट्रल हलके से विधायक रमन अरोड़ा से मनी लॉन्ड्रिंग केस को लेकर 8 घंटे तक पूछताछ की गई थी। ईडी दफ्तर में रमन अरोड़ा बीते दिन सुबह 11 बजे जांच में शामिल होने पहुंचे थे और देर शाम पूछताछ के बाद वह ईडी दफ्तर से बाहर आए।
हालांकि उस दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी। वहीं आज ईडी दफ्तर में मनी लॉन्ड्रिंग केस को लेकर कांग्रेस के पूर्व एमएलए कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों जांच में शामिल होने पहुंचे है। बता दें कि कांग्रेस के पूर्व एमएलए कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों के खिलाफ मई 2023 में विजिलेंस ब्यूरो द्वारा केस दर्ज कर अरेस्ट किया गया था। सूत्रों ने बताया कि आज निर्धारित समय पर किक्की ढिल्लों जांच में शामिल होने के लिए ईडी समक्ष पेश हुए।
सूत्रों का कहना है कि ईडी अधिकारियों द्वारा किक्की ढिल्लों के लिए तैयार की गई सवालों की लिस्ट के मुताबिक पूछताछ शुरू कर दी गई है। विजिलेंस ब्यूरो द्वारा की गई जांच में आरोप लगे थे कि साल 2017 से 2022 तक किक्की ढिल्लों द्वारा 10.72 करोड़ खर्च किया गया था, जबकि आमदनी 3.18 करोड़ थी। कहा जा रहा है कि उस समय 7.53 करोड़ के स्रोत का किक्की ढिल्लों जवाब नहीं दे पाए थे। इस मामले को लेकर विजिलेंस ब्यूरो इस मामले में चार्जशीट फाइल कर चुकी है। उक्त मामला अदालत में लंबित है।
