जालंधर, ENS: नूरमहल में छिंज मेले में पैसों के हिसाब को लेकर विवाद हो गया। विवाद लोगों से उगाही गई रकम में कथित घोटाले के आरोप को लेकर शुरू हुआ। जिसमें छिंज कमेटी के चेयरमैन और अध्यक्ष के बीच पैसों के हिसाब को लेकर झड़प हो गई। इस दौरान दोनों में बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष गाली-गलौज करने लगे। बता दें कि छिंज कमेटी नूरमहल पहले भी सवालों के घेरे में रही है।
लोगों का कहना है कि कुश्ती प्रतियोगिता (छिंज) के सभी इनाम लोगों द्वारा स्पॉन्सर किए जाते हैं। ऐसे में दानदाताओं से इकट्ठा की गई राशि कहां खर्च होती है, इसका हिसाब नहीं मिलता। वहीं कमेटी के कैशियर ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष द्वारा इकट्ठा किया गया कैश किसी भी खर्च में नहीं दिखाया जाता। इस साल पहले इनाम में दी जाने वाली ऑल्टो कार के स्पॉन्सर से अध्यक्ष ने करीब 5 लाख रुपए लिए। इसमें से जीतने वाले को सिर्फ 2 लाख रुपए दिए गए, जबकि बाकी 3 लाख रुपए कहां गए, इसका हिसाब नहीं दिया गया। कैशियर ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष लोगों से पैसे इकट्ठा करने के लिए पुरानी रसीदों की कॉपी इस्तेमाल करते हैं।
इनका कमेटी के पास कोई रिकॉर्ड नहीं है। इसी मुद्दे पर रविवार को छिंज मैदान में अध्यक्ष और चेयरमैन आमने-सामने आ गए। उनकी बातचीत गाली-गलौज तक पहुंच गई। चेयरमैन सुरिंदर शर्मा ने कहा कि प्रधान ने लखदाता के नाम पर हो रहे इस खेल को धंधा बना लिया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रधान को हटाने की मांग की। लोगों ने सरकार से मांग की है कि कमेटी से लोगों की मेहनत के पैसे का हिसाब लिया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। प्रधान ने चेयरमैन सुरिंदर शर्मा को गालियां दीं। वहां मौजूद लोगों ने इस पर आपत्ति जताई, क्योंकि चेयरमैन कमेटी के संस्थापक सदस्य और वरिष्ठ नागरिक हैं।