जालंधर, ENS: वेस्ट हलके के कबीर बिहार कटहरा मोहल्ला में दहशरा ग्राउंड में संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। इस घटना को लेकर लोगों में हड़कंप मच गया। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र न मिलने के कारण शव की पहचान नहीं हो सकी। जिसके बाद लोगों ने घटना की सूचना इलाके के पार्षद को दी। मौके पर पहुंचे पार्षद गुरदीप सिंह घुम्मण ने बताया कि बस्ती बावा खेल के दहशरा ग्राउंड में व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पार्षद ने कहा कि मैदान में कुछ लोगों द्वारा यहां बैठकर शराब का सेवन किया जाता है।
इस मामले को लेकर कई बार पुलिस को अवगत करवाया गया। लेकिन उसके बावजूद लोगों द्वारा यहां मैदान में बैठकर सरेआम शराब का सेवन किया जाता है। यही कारण है कि आज एक व्यक्ति का मैदान में शव बरामद हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। थाना बस्ती बावा खेल के जांच अधिकारी रजिंदर कुमार ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी कि कबीर बिहार में किसी युवक का शव पड़ा हुआ है। घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चुरी में रखवा दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि बैंच पर व्यक्ति लेटा हुआ था, लेकिन आज सुबह जब व्यक्ति उठा नहीं तो लोगों ने तुरंत उन्हें सूचना दी। जिसके बाद मौके पर देखा व्यक्ति की मौत हो चुकी है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि यहां कुछ लोग शराब का सेवन करते है और लोगों का कहना है कि शराब का सेवन अधिक करने से व्यक्ति की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मामले को लेकर कुछ कहा जा सकता है। वहीं लोगों ने अपील की है कि ग्राउंड में शराब का सेवन करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्ती से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शराबियों के कारण कोई घर से बाहर नहीं निकल पाता। दरअसल, शराब का सेवन करने के बाद वह इलाका निवासियों के साथ झगड़ा करते है, ऐसे में शराबियों पर नकेल कसी जाए और मैदान को साफ-सुथरा रखा जाए।
