जालंधर, ENS: विधिपुर रेलवे फाटक के पास कुछ दिन पहले ऑडी कार और ई-रिक्शा चालक में हुई भीषण टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं इस मामले को लेकर परिजनों ने ऑडी चालक की गिरफ्तारी को लेकर धरना भी दिया था। जिसके बाद थाना प्रभारी सिकंदर ने आरोपी चालक के खिलाफ 304 का पर्चा दर्ज कर लिया था और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाकर छापेमारी शुरू कर दी गई थी। वहीं इस मामले में पुलिस ने ऑडी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ अमरजीत सिंह बटाला के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना मकसूदा के थाना प्रभारी सिकंदर सिंह ने बताया कि ऑडी कार ड्राइवर गुरप्रीत सिंह ने प्राथमिक पूछताछ में माना कि हादसे के बाद वह काफी घबरा गया था। हादसे के दौरान उसके साथ उसका परिवार भी गाड़ी में मौजूद था। इसके चलते वह अपने पारिवारिक सदस्यों सहित मौके से फरार हो गया था। एसएचओ ने बताया कि गुरप्रीत को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब के विभिन्न जिलों में पुलिस पार्टियां भेजी गई थी। देर रात उसे बटाला के पास से ही गिरफ्तार किया गया है। पुलिस गुरप्रीत को आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं शवों का पोस्टमार्टम आज होगा।
