जालंधर, ENS: अलावपुर में स्थित डिजकोट खालसा सीनियर सैकंडरी स्कूल से बड़ी खबर सामने आई है। जहां सुबह 9.30 बजे के करीब 11वीं के विद्यार्थी प्रार्थना के पश्चात क्लास में जाते समय जमीन पर गिर गया। जिसे तुरंत स्कूल का स्टाफ उपचार के लिए अस्पताल लेकर गया। मिली जानकारी के मुताबिक अस्तपाल के डॉक्टरों द्वारा छात्र को मृतक घोषित कर दिया गया। कहा जा रहा है कि साइलेंट अटैक से छात्र की मौत हुई जिससे स्कूल में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि 15 वर्षीय गुरप्रीत पुत्र स्व. जसविंदर पाल मोहल्ला न्यू मॉडल टाऊन अलावलपुर के डिजकोट खालसा सीनियर सैकेंडरी स्कूल मे 11वीं का विद्यार्थी था। रोजाना की तरह वह घर से स्कूल गया लेकिन प्रार्थना के बाद जब वह अपनी कक्षा में जा रहा था तो अचानक जमीन पर गिर गया और बेसुध हो गया। स्कूल स्टाफ द्वारा तुरंत छात्र गुरप्रीत को किशनगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने गुरप्रीत को मृतक घोषित कर दिया।
छात्र की मौत की सूचना मिलने पर अलावलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल प्रिंसिपल ममता गुप्ता से घटना की जानकारी ली। छात्र की अचानक हुई मृत्यु से प्रत्येक व्यक्ति हैरान हो गया। छात्र की मौत के उपरांत स्कूल प्रिंसीपल समूह स्टाफ छात्र के घर शोक प्रकट करने पहुंचे। मृतक छात्र घर का इकलौता चिराग था। मिली जानकारी के मुताबिक मृतक के पिता जसविंदर पाल की पिछले वर्ष इसी दिन हार्ट अटैक से मृत्यु हुई थी।
