अमृतसरः पंजाब पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित एक अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनसे 11 अत्याधुनिक पिस्तौल और 8 कारतूस बरमाद किए है।
इस संबंध में पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने अपने एक्स हैंडल पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे कुछ ऑपरेटिव के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की सप्लाई में शामिल हैं।
बरामद हथियारों को आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने की साजिश रची गई थी। इनका इस्तेमाल रंगदारी वसूलने, हिंसक वारदातों को अंजाम देने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में किया जाना था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क सीमा पार से हथियारों की तस्करी कर पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहा था।
मामले में अमृतसर के एयरपोर्ट थाना, सदर थाना और छेहरटा थाना में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि इसके अन्य सदस्यों और सहयोगियों की पहचान की जा सके। साथ ही जांच की जा रही है कि इस गिरोह के माध्यम से और कितने हथियार पंजाब में पहुंचाए गए है।
पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार तस्करी, सीमा पार से होने वाली तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ उसकी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने दोहराया है कि राज्य में अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।
