तमिलनाडुः डिजिटल युग में सोशल मीडिया और यूट्यूब पर आंख मूंदकर भरोसा करना कितना जानलेवा साबित हो सकता है, इसकी एक बेहद दर्दनाक घटना तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले से सामने आई है। यहां एक युवक ने यूट्यूब से देख महिला की डिलीवरी करवाने की कोशिश की। इस दौरान महिला की मौत हो गई।
आपकों बता दें इससे पहले महिला शशिकला के बड़े ऑपरेशन से अस्पताल में बच्चा हुआ था। इस बार पति कार्तिक और सास महिला की घर में ही नॉर्मल डिलीवरी करने का प्रयास करने लगा।
कार्तिक ने डिलीवरी से पहले यूट्यूब पर दर्जनों वीडियो देखे और खुद को डॉक्टर समझ बैठा। जब शशिकला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, तो कार्तिक और उसकी मां ने मिलकर घर के भीतर ही प्रसव की प्रक्रिया शुरू कर दी।
इस दौरान गर्भनाल ठीक से अलग नहीं हो पाई। गर्भनाल के अंदर ही फंसे रह जाने और गलत तरीके से खींचने के कारण शशिकला के शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव (हैवी ब्लीडिंग) होने लगा। कुछ ही समय में महिला की हालत बेहद नाजुक हो गई। जब स्थिति हाथ से बाहर निकल गई, तो डरा हुआ परिवार आनन-फानन में शशिकला को लेकर पेरुनदुरई के एक सरकारी अस्पताल की तरफ भागा, वहां महिला की गंभीर हालत को देखते डॉक्टरों ने उसे तुरंत कोयंबटूर के एक बड़े निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। महिला के अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने दम तोड़ दिया। राहत की बात ये रही कि डॉक्टरों ने नवजात बच्ची को सुरक्षित बचा लिया है।
इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही उथुकुली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने इस मामले में लापरवाही और बिना डॉक्टरी डिग्री के इलाज करने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शशिकला की मौत के लिए सीधे तौर पर उसका पति कार्तिक और उसकी सास जिम्मेदार हैं। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

