लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में जनेश्वर मिश्र पार्क के पास एक युवक पर अपनी महिला मित्र को कार से टक्कर मारकर भागने का आरोप है। घटना में महिला बाल-बाल बची। इस मामले में पुलिस ने आरोपी शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है।
View this post on Instagram
पुलिस के मुताबिक सुबह अनामिका नाम की युवती जनेश्वर मिश्र पार्क के पास चाय पीने पहुंची थी। इसी दौरान उसका पुरुष मित्र शाहनवाज भी अपनी एक दूसरी महिला मित्र के साथ वहां पहुंच गया। शाहनवाज को दूसरी युवती के साथ देखकर अनामिका नाराज हो गई और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद के बाद शाहनवाज दूसरी महिला मित्र के साथ कार में बैठकर वहां से जाने लगा। इसी दौरान अनामिका कार के सामने खड़ी हो गई। आरोप है कि शाहनवाज ने कार रोकने के बजाय उसे तेज रफ्तार में आगे बढ़ा दिया, जिससे अनामिका सड़क पर गिर गई। जिसके बाद शाहनवाज मौके से कार लेकर फरार हो गया।
वहीं अनामिका और शहनवाज की एक ओर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रही है। जिसमें अनामिका शहनवाज को अपना बॉयफ्रेंड बताती है, जिस पर शहनवाज मना करता है, लेकिन वह कहती है ये मेरा बॉयफ्रेंड हैं। इसके आगे अनामिका कहती है शहनवाज मेरे साथ ब्रेकअप करना चाहता है, मैं उससे 1-2 महीने का समय मांग रही हूं। 1-2 महीने बाद मैं अपने आप ब्रेकअप कर लूंगी। वहीं शहनवाज कहता है कि मैं उसकी पहचान में ही नहीं आउंगा, जिस पर अनामिका कहती है वह उसके साथ ही रहेगी।
उधर, पुलिस ने आरोपी शहनवाज को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास के तहत मामला दर्ज कर लिया है।