पंचकूला: पंचकूला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने इंचार्ज प्रवीण कुमार के नेतृत्व में ₹5000 के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश अमन उर्फ पकौडी को डेरा बस्सी बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अमन उर्फ पकौड़ी निवासी इंद्रा कॉलोनी सेक्टर-17 पंचकूला है। इसके खिलाफ पहले से ही करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध हथियारों के खरीद-फरोख्त और अन्य आपराधिक गतिविधियों में एक्टिव था।
इस मामले में पहले थाना सेक्टर-14 पंचकूला में आर्म्स एक्ट के अंतर्गत दर्ज एक मुकदमे में कृष पुत्र सुरजीत निवासी राजीव कॉलोनी के कब्जे से एक .315 बोर देसी कट्टा बरामद किया गया था। गहन जांच के दौरान यह साफ हुआ कि उक्त अवैध हथियार की सप्लाई अमन उर्फ पकौड़ी के द्वारा की गई थी। पुलिस ने आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है तथा अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि पंचकूला पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इनामी और हिस्ट्री शीटर अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अवैध हथियारों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियारों से संबंधित सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
