ऊना, (5 मई) सुशील पंडित : पुलिस थाना बंगाणा के अंतर्गत एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां स्कूल जा रही तीन बच्चियों का रास्ता रोककर उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में रमेश चंद निवासी अप्पर रायेपुर ने बताया कि उसकी तीन बेटियां, जो 7वीं, 5वीं और नर्सरी कक्षा में चुरडी स्कूल में पढ़ती हैं, जोकि 4 मई को पैदल स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों नीलम कुमार, नरेश चंद, पुष्पा देवी, सुनीता, गिरधारी लाल और व्यासा देवी ने उनका रास्ता रोककर गाली-गलौच और मारपीट की।
जब शिकायतकर्ता अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचा, तो आरोपियों ने एकजुट होकर उनके साथ भी ईंटों और पत्थरों से हमला कर दिया तथा उनका मोटरसाइकिल भी छीन लिया। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता वीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
