ऊना सुशील पंडित : पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के तहत जिला ऊना में 249 ग्राम पंचायतों में से 244 ग्राम पंचायतों, 5 पंचायत समितियों के 109 वार्डों में से 107 वार्डों तथा 17 जिला परिषद वार्डों के लिए तीन चरणों में मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी। यह जानकारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला पंचायत अधिकारी ऊना श्रवण कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिला के कुल 669 मतदान बूथों को संवेदनशील एवं अति संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है। इनमें 391 मतदान बूथ संवेदनशील तथा 278 मतदान बूथ अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि विकास खंड अंब में कुल 151 मतदान बूथों में से 93 संवेदनशील तथा 58 अति संवेदनशील हैं। विकास खंड बंगाणा में 53 मतदान बूथों में से 46 संवेदनशील एवं 7 अति संवेदनशील, गगरेट में 181 मतदान बूथों में से 114 संवेदनशील तथा 67 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इसी प्रकार हरोली विकास खंड में 118 मतदान बूथों में से 56 संवेदनशील एवं 62 अति संवेदनशील तथा ऊना विकास खंड में 166 मतदान बूथों में से 82 संवेदनशील एवं 84 अति संवेदनशील मतदान बूथ चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव के प्रथम चरण में 138 मतदान बूथ संवेदनशील तथा 89 अति संवेदनशील रहेंगे। द्वितीय चरण में 146 मतदान बूथ संवेदनशील एवं 101 अति संवेदनशील तथा तृतीय एवं अंतिम चरण में 107 मतदान बूथ संवेदनशील एवं 88 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विकास खंड अंब के अंतर्गत 30 मतदान केंद्रों में से 22 संवेदनशील तथा 8 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। बंगाणा में 13 मतदान केंद्रों में से 12 संवेदनशील एवं 1 अति संवेदनशील, गगरेट में 22 मतदान केंद्रों में से 13 संवेदनशील एवं 9 अति संवेदनशील चिन्हित किए गए हैं। इसी प्रकार हरोली के 46 मतदान केंद्रों में 28 संवेदनशील तथा 18 अति संवेदनशील और ऊना के 38 मतदान केंद्रों में 18 संवेदनशील एवं 20 अति संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 29 मतदान केंद्र संवेदनशील तथा 21 अति संवेदनशील रहेंगे। दूसरे चरण में 34 मतदान केंद्र संवेदनशील एवं 20 अति संवेदनशील तथा तृतीय चरण में 30 मतदान केंद्र संवेदनशील एवं 15 अति संवेदनशील मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
मतगणना केंद्रों की सूची
श्रवण कुमार ने बताया कि जिला में कुल 101 मतगणना केंद्रों को संवेदनशील एवं अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इनमें 64 मतगणना केंद्र संवेदनशील तथा 37 अति संवेदनशील शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के 5 मतगणना केंद्रों को भी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 22 मतगणना केंद्र संवेदनशील तथा 11 अति संवेदनशील रहेंगे। इसी प्रकार द्वितीय चरण में 23 संवेदनशील एवं 14 अति संवेदनशील तथा तृतीय चरण में 19 संवेदनशील एवं 12 अति संवेदनशील मतगणना केंद्र निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाया जा सके।
