पीएम के विजन अनुरूप अंब अंदौरा स्टेशन भारत के आधुनिक रेल नेटवर्क का बना हिस्सा
ऊना,सुशील पंडित: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन के उद्घाटन का स्वागत करते हुए इसे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का क्षण और राज्य की निरंतर रेलवे नेटवर्क सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की दिशा में मील का पत्थर बताया।
उन्होने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से इस अवसर पर जुड़ते हुए कहा कि यह उद्घाटन प्रधानमंत्री के उस अटूट संकल्प को दर्शाता है कि पहाड़ी राज्यों को भी विश्व स्तरीय रेलवे बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जाए। उन्होने कहा कि “अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अंब अंदौरा, बैजनाथ पपरोला, पालमपुर हिमाचल और शिमला सहित महत्वपूर्ण स्टेशनों को बेहतर यात्री सुविधाओं, बढ़ी हुई पहुंच, बेहतर बुनियादी ढांचे और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे लाखों यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
उन्होने ने कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश में रेलवे विकास की दिशा को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होने ने कहा कि आज पुनर्विकसित अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन केवल एक स्टेशन के पुनर्विकास से कहीं अधिक है। यह मोदी सरकार के “रेल विकास से राष्ट्र विकास” के विजन की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हिमाचल प्रदेश की चुनौतीपूर्ण भौगोलिक स्थिति के बावजूद राज्य में रेलवे बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता देने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होने ने विश्वास व्यक्त किया कि मोदी सरकार हिमाचल में चल रही रेल परियोजनाएं, स्टेशन आधुनिकीकरण पहलें और विस्तारित ट्रेन नेटवर्क आर्थिक वृद्धि को तेज करेंगे, नए रोजगार के अवसर सृजित करेंगे, पर्यटन को बढ़ावा देंगे और विकसित भारत के विजन में हिमाचल प्रदेश के योगदान को और मजबूत करेंगे”
