ऊना,सुशील पंडित: वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना में विद्यार्थियों के संप्रेषण कौशल, रचनात्मकता, आत्मविश्वास तथा भाषा पर पकड़ को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कक्षा पहली एवं दूसरी के विद्यार्थियों के लिए ‘सेल्फ इंट्रोडक्शन प्रतियोगिता’, कक्षा तीसरी एवं चौथी के लिए ‘इंग्लिश स्टोरी टेलिंग प्रतियोगिता’ तथा कक्षा पाँचवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए ‘स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता’ आयोजित की गई।
‘सेल्फ इंट्रोडक्शन प्रतियोगिता’ का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का विकास करना तथा उन्हें किसी नए व्यक्ति के समक्ष स्वयं का प्रभावशाली परिचय देने के लिए प्रेरित करना था। स्ट्रॉबेरी ग्रुप (कक्षा प्रथम) में शिवांशी शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मिश्का सिंघल एवं वेदिका शर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि कृषभ एस. राणा एवं बबनीत कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा द्वितीय में अभिधा रावल एवं लवदीप सिंह प्रथम स्थान पर रहे। मन्नत कुमावत ने द्वितीय तथा वियान चौधरी एवं शानवी शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
‘इंग्लिश स्टोरी टेलिंग प्रतियोगिता’ का उद्देश्य विद्यार्थियों के प्रस्तुतीकरण कौशल को निखारना, श्रोताओं के साथ भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करना तथा जटिल विचारों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करना था। एप्पल ग्रुप (कक्षा तृतीय) में आदया गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तनिप साहू एवं अमाहिरा वशिष्ट द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि अवनी शर्मा एवं दलराज रहल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा चतुर्थ में सक्षम शर्मा एवं प्रिशा शर्मा प्रथम स्थान पर रहे। रूही रेहल एवं कृषिका खन्ना द्वितीय तथा अक्षिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
‘स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता’ के अंतर्गत विद्यार्थियों ने “जल की हर बूँद बचाएँ”, “पेड़ लगाएँ, भविष्य बचाएँ”, “प्लास्टिक प्रदूषण को हराएँ”, “भोजन की बर्बादी रोकें—हर अन्न के दाने का सम्मान करें”, “साइबर सुरक्षा—क्लिक करने से पहले सोचें” तथा “नशे को कहें ‘ना’, जीवन को कहें ‘हाँ'” जैसे समसामयिक एवं सामाजिक महत्व के विषयों पर प्रभावशाली स्लोगन लिखे। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को संक्षिप्त, सारगर्भित एवं प्रभावशाली शब्दों में अपने विचार व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना तथा उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
ऑरेंज ग्रुप में अकीरा दीप एवं प्राक्षी राणा प्रथम स्थान पर रहीं। मन्नत परमार एवं आरवी शर्मा ने द्वितीय तथा परिधि शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मैंगो ग्रुप में अनाया चब्बा प्रथम स्थान पर रहीं। सानवीं एवं पीहू शर्मा ने द्वितीय तथा ख्वाहिश राणा एवं सानिया चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेलन ग्रुप में अराधना एवं जैस्मिन धीमान प्रथम स्थान पर रहीं। मनराज सिंह, अक्षमा एवं मन्नत शर्मा ने द्वितीय तथा अराध्या ठाकुर, इशिता राठौर, साक्षी शर्मा एवं प्रागुन कौशल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ छात्रों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनकी झिझक दूर कर आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण, अभिव्यक्ति कौशल तथा रचनात्मक सोच को भी नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी।
