मुंबईः मानसून की बारिश मुंबई में हर साल कई हैरान करने वाले नजारे सामने लाती है, लेकिन इस बार वायरल हो रहे एक वीडियो ने लोगों को चौंका दिया है। दरअसल, लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक अनोखा नजारा देखने को मिला। जहां जलभराव के बाद रेलवे ट्रैक पर मछलियां तैरती नजर आईं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है, वहीं इसके बाद रेलवे ट्रैक पर जमा पानी में मछलियां दिखाई दीं, यह अनोखा नजारा जिसने भी देखा हो हैरान रह गया, सोशल मीडिया पर यूजर्स इसपर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा बांद्रा में मानसून के दौरान ऐसा नजारा पहले भी देखने को मिला था, मछलियां नालों से ट्रैक तक पहुंच जाती है।
View this post on Instagram
वहीं दूसरे यूजर ने मजाक के अंदाज में लिखा विकास की एक झलक। एक और यूजर ने कमेंट किया अरे वाह क्या शानदार सीन है, तो एक यूजर ने चुटकी लेते हुए कहा यह पुअर रेलवे मैनेजमेंट नहीं, एक्वेरियम टूरिज्म है। हीं एक और यूजर कमेंट करता है अच्छा लगा कि किसी ने मछलियों को नुकसान नहीं पहुंचाया। लास्ट में एक और यूजर कमेंट करता है शायद यह पुराना वीडियो है। बता दें कि मुंबई में हाल ही में हुई भारी बारिश के दौरान हुए 2 दर्दनाक हादसों में जान गंवाने वाले परिवारों को महाराष्ट्र सरकार की ओर से 4-4लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। चांदीवली विधानसभा क्षेत्र के साकीनाका इलाके में रहने वाले दोनों मृतकों के परिजनों को विधायक दिलीप लांडे ने उनके घर जाकर सहायता राशि का चेक सौंपा और सरकार की ओर से शोक संवेदना व्यक्त की।
बारिश के दौरान पहला हादसा साकीनाका के खैरानी रोड पर हुआ था, जहां 55 वर्षीय असलम इसाक शेख खुले मैनहोल में गिर गए थे। उस समय बीएमसी (BMC) के मल-निस्सारण विभाग की ओर से मैनहोल पर सुरक्षा जाली लगाने का काम चल रहा था। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने ‘एल’ वार्ड के सहायक आयुक्त धनाजी हेरलेकर समेत 4 इंजीनियरों को जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया था। इसके अलावा संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के आदेश भी दिए गए थे।
दूसरा हादसा गोरेगांव की आरे कॉलोनी में हुआ था, जहां पेड़ गिरने से हसन रज़ा जहांगीर सैयद की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद भी शहर में पेड़ों की सुरक्षा और मानसून से पहले उनकी समय पर छंटाई को लेकर प्रशासन पर गंभीर सवाल उठे थे। दोनों मृतकों के परिवार चांदीवली विधानसभा क्षेत्र के साकीनाका इलाके में रहते हैं। विधायक दिलीप लांडे ने दोनों परिवारों से मुलाकात कर आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। लांडे ने कहा कि आर्थिक मदद से परिवारों का नुकसान पूरा नहीं हो सकता, लेकिन सरकार ने मानवीय आधार पर यह मदद दी है। उन्होंने मांग की कि दोनों परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी या बीएमसी में नौकरी दी जाए।

