ऊना/सुशील पंडित : करियर प्वाइंट विश्वविद्यालय, हमीरपुर ने विजय डोगरा को विधि (Law) विषय में पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की है। इस उपलब्धि के साथ वे अब डॉ. विजय डोगरा के नाम से जाने जाएंगे। डॉ. विजय डोगरा ने अपना शोधकार्य डॉ. भूपेन्द्र कुमार जोधटा, प्रोफेसर तथा प्राचार्य, अवस्थी कॉलेज ऑफ लॉ, नालागढ़ तथा डॉ. सुरेश ठाकुर, डीन एवं प्रोफेसर, विधि विभाग, सी.टी. विश्वविद्यालय, लुधियाना के संयुक्त मार्गदर्शन में पूर्ण किया। इस अवसर पर डॉ. विजय डोगरा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने शोध-निर्देशकों के मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग तथा मित्रों के निरंतर प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने अपनी यह उपलब्धि अपने स्वर्गीय माता-पिता स्व. ईश्वर दुखिया एवं स्व. श्रीमती सावित्री देवी, अपने दिवंगत छोटे भाई स्व. विनय शर्मा की पावन स्मृति को समर्पित करते हुए अपने बड़े भाई अजय शर्मा के स्नेह, मार्गदर्शन एवं निरंतर सहयोग के प्रति भी हार्दिक आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अपनी पत्नी श्रीमती मधु शर्मा, पुत्र दिव्यांशु डोगरा, अपने ससुराल परिवार, मित्र डॉ. नितिन धीमान, एम. पी. डोगरा, परिवारजनों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों का उनके अमूल्य सहयोग, स्नेह एवं शुभकामनाओं के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। डॉ. विजय डोगरा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

