शिक्षा, विवाह व आवास निर्माण के लिए प्रदान की गई वित्तीय मदद – अमन शर्मा
ऊना, सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड द्वारा जिला ऊना में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके पात्र परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। इसी कड़ी में 66 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 30 लाख 87 हजार 400 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
जिला श्रम कल्याण अधिकारी अमन शर्मा ने बताया कि वितरित वित्तीय सहायता में शिक्षा सहायता योजना के तहत 19 लाभार्थियों को 6 लाख 44 हजार 400 रुपये, विवाह सहायता योजना के तहत 43 लाभार्थियों को 21 लाख 93 हजार रुपये तथा एकल नारी/एकल महिला आवास निर्माण सहायता योजना के तहत 4 पात्र महिलाओं को 2 लाख 50 हजार रुपये की सहायता शामिल है।
उन्होंने बताया कि एकल नारी/एकल महिला आवास निर्माण सहायता योजना का उद्देश्य पात्र महिलाओं को आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
अमन शर्मा ने कहा कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड द्वारा निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों की शिक्षा, विवाह, आवास एवं सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला ऊना में श्रम कल्याण विभाग द्वारा पात्र एवं पंजीकृत निर्माण श्रमिकों तक बोर्ड की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुगम तरीके से उपलब्ध हो।
