मिजोरमः विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना शुरू हो गई है। आज होने वाली मतगणना के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम में 1984 से कभी कांग्रेस तो कभी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) सरकारें रही है। इस बार यह देखना रोचक होगा कि एमएनएफ के जोरमथांगा अपनी सरकार को बचा पाते हैं या फिर राज्य पूर्व आईपीएस लालदुहोमा की नेतृत्व में बनी नई राजनीतिक पार्टी जोरम पिपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) कोई नई राजनीतिक समीकरण बनाएगी।
मिजोरम विधानसभा चुनाव के परिणाम आज जारी हुए हैं और जो रुझान सामने आ रहे हैं उसके मुताबिक जोरम पीपुल्स मूवमेंट राज्य में सरकार बनाने जा रही है। जेडपीएम फिलहाल 26 सीटों पर आगे चल रही है। सत्ताधारी मिजो नेशनल फ्रंट 10 सीटों पर सिमट रही है। भाजपा 3 सीटों पर लीड के साथ तीसरे स्थान पर है, वहीं कांग्रेस की स्थिति काफी खराब दिख रही है और वह सिर्फ 1 सीट तक ही सिमटती हुई प्रतीत हो रही है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, मिजोरम के उपमुख्यमंत्री तावंलुइया को तुइचांग में जेडपीएम के उम्मीदवार डब्ल्यू चुआनावमा से शिकस्त मिली है। मिज़ो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के तावंलुइया को 6,079 वोट मिले, जबकि ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के उम्मीदवार डब्ल्यू चुआनावमा को 6,988 वोट मिले। चुनाव आयोग ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार सी लालहरियातुइया को 1,674 वोट मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार लालहमुंसियामी को केवल 67 वोट मिले।
मिजोरम में मतगणना रविवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के साथ होनी थी। हालांकि, राजनीतिक दलों, गैर सरकारी संगठनों, चर्च और छात्र संगठनों की अपील के बाद निर्वाचन आयोग ने इसे स्थगित कर दिया क्योंकि रविवार का दिन ईसाई बहुल मिजोरम के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है। मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान सात नवंबर को हुआ था और राज्य के 8.57 लाख मतदाताओं में से 80 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
