ऊना/सुशील पंडित: Central Asian Volleyball Association (CAVA) की वार्षिक आम बैठक (AGM) 2026 में Volleyball Federation of India के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों के साथ वॉलीबॉल खेल के विकास को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान भारत को वॉलीबॉल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए Central Asian Volleyball Association (CAVA) के अध्यक्ष Mohamed La Theef द्वारा इंटरनेशनल एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया को उसकी बेहतर उपलब्धियों और खेल के विकास में योगदान के लिए प्रदान किया गया, जिसे वीरेंद्र कंवर ने प्राप्त किया।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबॉल को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ अनुभव साझा करने का अवसर मिला। बैठक के दौरान वॉलीबॉल के विकास, अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत बनाने, उभरती प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि यह मंच केवल विचारों के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर वॉलीबॉल को नई पहचान दिलाने और इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए ठोस रणनीतियों पर भी विचार किया गया। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ हुए सकारात्मक संवाद से भविष्य में बेहतर समन्वय और साझेदारी की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि देशों को जोड़ने और युवाओं को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बैठक से वॉलीबॉल के विकास को नई दिशा मिलेगी और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया खिलाड़ियों के हितों की रक्षा और खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
