लखनऊः महानगर के गोल मार्केट चौराहे पर चैकिंग के दौरान दुकान से फर्जी आईपीएस द्वारा विवाद किया गया। जिसके बाद घटनास्थल पर भारी हंगामा हो गया। विवाद की शुरुआत 40 रुपये का बन खाने और पैसा न देने से हुई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति खुद को IPS अधिकारी बताकर स्थानीय दुकानदारों से झगड़ा कर रहा है और उन पर धौंस जमा रहा है। सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी युवक पुलिस टीम पर ही भड़क गया और खुद को बड़े ओहदे का अधिकारी बताते हुए उन पर सैल्यूट करने का दबाव बनाने लगा। हालांकि, उसकी ये हेकड़ी ज्यादा देर नहीं टिक सकी।
शुरुआत में तो पुलिस भी थोड़ा झिझकी, लेकिन युवक के हाव-भाव और बातचीत के तरीके को देखकर पुलिसकर्मियों को उस पर गहरा शक हुआ। जब पुलिस टीम ने उससे उसका आईडी कार्ड दिखाने को कहा, तो जालसाज का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वह आईडी दिखाने के बजाय उल्टा पुलिसवालों के ही नाम-पते पूछकर उन्हें सस्पेंड कराने की धमकी देने लगा। सख्ती बरतते हुए जब पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने आई, तो पूछताछ में उसकी सारी हेकड़ी धरी की धरी रह गई।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान 40 वर्षीय मिथिलेश शुक्ला के रूप में हुई है। वह लखनऊ के ही मड़ियांव थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि मिथिलेश खुद को नोएडा में तैनात IPS अधिकारी बताता था और इसी फर्जी रसूख के दम पर लोगों पर रौब गालिब करता था।
