ऊना/सुशील पंडित: वनमंडल ऊना में नए वनमंडलाधिकारी के रूप में विकल्प यादव ने पदभार संभालते ही सख्त तेवर दिखाए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय है। डी एफ ओ विकल्प यादव ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का पेड़ कटान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई ठेकेदार या व्यक्ति अवैध कटान करते हुए पकड़ा गया, तो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी कार्य केवल वैध अनुमति पत्र और वैध निर्यात प्रमाण पत्र के आधार पर ही किए जाएं। उन्होंने यह भी दोहराया कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर हर हाल में कानूनी कार्रवाई की जाएगी—चाहे वह विभाग का कर्मचारी हो या कोई बाहरी व्यक्ति। अवैध कटान के खिलाफ विभाग जीरो टॉलरेंस नीति अपनाएगा। गर्मी के मौसम को देखते हुए जंगलों में आग की घटनाओं से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।
इसके तहत कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई जाएंगी और आवश्यकता पड़ने पर ठेकेदारों की सेवाएं भी ली जाएंगी, ताकि आग पर समय रहते काबू पाया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चेक पोस्टों को अधिक प्रभावी बनाने, पेट्रोलिंग बढ़ाने और रात के समय नाकों पर तैनात टीमों को नियमित चेकिंग रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए डी एफ ओ ने स्टाफ को स्कूलों में जाकर जंगलों की आग को लेकर अवेयरनेस कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर वन संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने पर भी जोर दिया गया है।
