सीकरः भाई-भाई के रिश्ते को तार-तार करने का मामला सामने आया है। व्यक्ति ने कुल्हाड़ी और गंडासी से हमला कर चचेरे भाई की हत्या कर दी। हमले में मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटे को इलाज के लिए जयपुर रैफर किया गया है। परिवार का आरोप है कि घटना के तीन घंटे बाद तक पुलिस नहीं पहुंची, जबकि हमलावर परिवार घर के बाहर खड़े होकर उन्हें धमकाते रहे। आरोपी सरपंच का बेटा बताया जा रहा है। चचेरे भाई ने विकास कार्यों में भ्रष्टाचार को लेकर उसकी शिकायत की थी। इससे आरोपी से उसकी रंजिश हो गई थी और अब उसने वारदात को अंजाम दे दिया।
जानकारी देते तिहावली गांव निवासी सपना ने बताया कि वह रात को खाना खाकर सो रहे थे। करीब 11:30 बजे सरपंच भंवर कंवर के बेटे ओम सिंह सहित कई लोग घर के बाहर आए। शोर सुनकर परिवार के लोग बाहर निकले तो उन्होंने हमला करना शुरू कर दिया। घटना में पिता प्रकाश सिंह (43), भाई अभिजीत सिंह और दादी नैन कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने रामगढ़ सेठान पुलिस थाने में फोन किया, लेकिन 3 घंटे तक पुलिस मौके पर ही नहीं पहुंची। इसके बाद रिश्तेदारों को कॉल किया गया। रिश्तेदार करीब 20 किलोमीटर दूर से आए, फिर फतेहपुर के धानुका अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया और भाई को जयपुर रेफर कर दिया।
प्रकाश सिंह की पत्नी पिंकी ने कहा कि हमला करने वालों में पुलिसकर्मी सहित सरपंच प्रतिनिधि ओम सिंह और उसके परिवार के लोग शामिल हैं। वहीं उन्होंने आरोप लगाए कि प्रकाश सिंह ने ओम सिंह के खिलाफ विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण की पुलिस थाने में शिकायत की थी। इसी बात को लेकर ओम सिंह की प्रकाश सिंह से रंजिश हो गई थी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
