वाशिंगटनः अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने क्षेत्रीय हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों में संचार संबंधी समस्याओं के कारण उत्पन्न असाधारण परिस्थितियों का हवाला देते शुक्रवार दोपहर देशभर में सभी उड़ानें रोक दीं।
अमेरिका में 11 सितंबर, 2001 के आतंकवादी हमलों के बाद यह दूसरा मौका है जब देशभर में उड़ानें रोकी गई हैं। इन हमलों के बाद इससे पहले जनवरी 2023 में FAA की एक महत्वपूर्ण कंप्यूटर प्रणाली में खराबी आने के कारण देशभर में उड़ानें रोकी गई थीं।
देश के आंतरिक सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने इस समस्या के लिए दूरसंचार सेवाओं में आई बाधा को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि अब तक किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, विमान सेवाएं बाधित होने से व्यापक असर पड़ा और शुक्रवार देर रात तक हजारों निर्धारित उड़ानों के प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई। इससे घर लौट रहे यात्रियों, शादी समारोहों में शामिल होने जा रहे लोगों और सप्ताहांत में यात्रा की योजना बनाने वाले अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी के अटॉर्नी जेफ डबनर ने कहा कि यह निराशाजनक है। ऐसा लगता है कि यह सामान्य देरी से कहीं अधिक गंभीर मामला है। मैं जानना चाहता हूं कि आखिर ऐसा क्यों हुआ। डबनर की अलास्का एयरलाइंस की उड़ान लॉस एंजिलिस से वाशिंगटन डीसी जाने वाली थी और विमान उड़ान भरने के लिए रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी उसे रोक दिया गया।
आंतरिक सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि अब तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि यह हमारे खिलाफ कोई दुर्भावनापूर्ण हमला था। फिलहाल यह केवल दूरसंचार सेवाओं में आई बाधा का मामला है। मुलिन ने कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं। यदि आपके प्रियजन विमान से यात्रा कर रहे हैं, तो उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
FAA के देशभर में उड़ानें रोकने के आदेश के कारण अब तक कम से कम 600 उड़ान के मार्ग बदले गए हैं। जिन हवाई अड्डों की ओर बड़ी संख्या में उड़ानें मोड़ी गईं, उनमें शिकागो ओ’हारे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, डेनवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, डलास-फोर्ट वर्थ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और रोनाल्ड रीगन वाशिंगटन राष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल हैं।
अमेरिका के पूर्वी समयानुसार शाम चार बजे के बाद देश के हवाई अड्डों से लगभग 11,000 उड़ान रवाना होने वाली थीं, जिनमें 15 लाख से अधिक यात्रियों को सफर करना था। मुलिन ने कहा कि जांचकर्ता यह भी पता लगाएंगे कि इस समस्या का FAA की ओर से देशभर में लागू की जा रही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की नयी प्रणाली से कोई संबंध तो नहीं है। इस प्रणाली का उद्देश्य समस्याओं की पहचान करने और विमानों के मार्ग बदलने में मदद करना है।
