शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला के धर्मशाला के समीप तपोवन में 8वीं राज्य स्तरीय नारकोटिक्स कॉर्डिनेशन सेंटर (एनकोर्ड) बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश से चिट्टे के समूल नाश के लिए सभी जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को जमीनी स्तर पर समन्वित प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बल देते हुए कहा कि प्रदेश को पूरी तरह चिट्टा मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी अधिकारियों को मिलकर जमीनी स्तर पर प्रयास करने होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेड कैटेगरी के अंतर्गत चिन्हित सभी 246 पंचायतों में चिट्टा तस्करों और पीड़ितों की मैपिंग का कार्य 15 दिसंबर से पहले पूरा किया जाए ताकि इस अभियान को और गति प्रदान की जा सके।

मुख्यमंत्री ने रेड कैटेगरी में चिन्हित पंचायतों में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह अभियान प्रभावी एवं परिणामपरक होना चाहिए तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने लाहौल-स्पीति के उपायुक्त को एनडीपीएस के तहत गिरफ्तार अपराधियों के लिए स्पीति में 200 बीघा से अधिक भूमि पर नया कारागार स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने और इसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।

