- Advertisement -
HomeHimachalकुटलैहड़ में भाजपा का सक्रिय सदस्य सम्मेलन संपन्न, डॉ. राजीव बिंदल ने...

कुटलैहड़ में भाजपा का सक्रिय सदस्य सम्मेलन संपन्न, डॉ. राजीव बिंदल ने पढ़ाया संगठन का पाठ

हिमाचल में भाजपा सरकार बनने के बाद लक्ष्य 2047 का विकसित भारत तक बीस वर्षों चलेगी;डॉ राजीव बिंदल

ऊना/सुशील पंडित: भारतीय जनता पार्टी के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सक्रिय सदस्य सम्मेलन का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और पार्टी के सक्रिय सदस्यों को संगठन, नीति और रणनीति का पाठ पढ़ाया। सम्मेलन का उद्देश्य भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए तैयार करना, संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करना तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का मार्गदर्शन देना था।

डॉ. बिंदल ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जानकारी दी कि राज्य में 18 लाख नए सदस्य बनाए गए हैं, वहीं 27 हजार सक्रिय सदस्य अब पार्टी की रीढ़ बन चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश की 68 में से 46 विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय सदस्यों के सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि ये सम्मेलन कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने और आगामी चुनावों के लिए संगठन को तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं। डॉ बिंदल ने कहा कि राज्य भाजपा का दीर्घकालिक लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है और इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति की यह यात्रा तभी संभव है जब राज्यों में भी भाजपा की सरकारें हों और केंद्र तथा राज्य की योजनाएं तालमेल के साथ लागू हो सकें। उन्होंने कहा अब हमारा संकल्प है – 2027 में हिमाचल प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाना। इसके लिए हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक जुटना होगा और संगठन को मजबूत बनाना होगा।

डॉ. बिंदल ने उपस्थित सक्रिय सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथों पर कम से कम दस परिवारों से सीधा संवाद स्थापित करें और उन्हें भाजपा की नीतियों, योजनाओं तथा उपलब्धियों से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत बूथ से बनती है, और अगर हर बूथ पर भाजपा का कार्यकर्ता दस परिवारों को भाजपा से जोड़ने में सफल होता है, तो कोई भी ताकत पार्टी को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जीतने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा हमारे पास संकल्प है, संगठन है, और नेतृत्व है। अब जरूरत है जमीनी स्तर पर सक्रियता की। कुटलैहड़ से भाजपा की बुलंद आवाज़ विधानसभा तक जानी चाहिए।

सम्मेलन में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि भाजपा कार्यकर्ता मोदी सरकार की 10 वर्षों की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करें। डॉ. बिंदल ने कहा कि आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाएं सीधे जनता के जीवन को प्रभावित कर रही हैं और इनका प्रचार-प्रसार कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय स्तर पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई लोग अभी भी इन योजनाओं के बारे में पूरी तरह से नहीं जानते। यदि भाजपा कार्यकर्ता इस कार्य में जुट जाएं, तो पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।

डॉ. बिंदल ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। चाहे वो कर्मचारियों की समस्याएं हों, युवाओं को रोजगार देने का मामला हो, या फिर राज्य की आर्थिक स्थिति – हर क्षेत्र में सरकार की नाकामी जनता को झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इन विफलताओं को जनता तक लेकर जाएं और उन्हें बताएं कि कांग्रेस की सरकार ने सिर्फ घोषणाएं कीं, धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा जनता को अब विकल्प की नहीं, संकल्प की जरूरत है और वो संकल्प भाजपा ही दे सकती है।सम्मेलन के अंत में डॉ. बिंदल ने कुटलैहड़ क्षेत्र से भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो को आगामी विधानसभा चुनावों में 20,000 से अधिक मतों से विजयी बनाकर भेजने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भुट्टो एक कर्मठ और समर्पित नेता हैं, जो जनता के बीच सक्रिय रहते हैं और समस्याओं को लेकर संघर्ष करते हैं।उन्होंने कहा भाजपा का झंडा कुटलैहड़ की धरती से फिर से लहराना है और इसके लिए हर कार्यकर्ता को अभी से जुट जाना होगा। भुट्टो को प्रचंड बहुमत से जीताकर विधानसभा भेजें और क्षेत्र के विकास की नई कहानी लिखें।”

कुटलैहड़ में हुए इस सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में भाजपा के सक्रिय सदस्य, बूथ प्रमुख, मंडल पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे सम्मेलन के दौरान “भारत माता की जय” और “मोदी है तो मुमकिन है के नारों से माहौल गूंजता रहा। सम्मेलन में जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित सभी मोर्चों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने डॉ. बिंदल का भव्य स्वागत किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।

इस मौके पर कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो,जिलाध्यक्ष श्याम मिन्हास, हमीरपुर लोकसभा के सह प्रभारी सुमित शर्मा, कुटलैहड़ मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़,राज कुमार वर्मा, जिला पार्षद सदस्य कृष्ण पाल शर्मा, भाजपा नेता मनोहर लाल शर्मा, राज कुमार, भाजपा किसान मोर्चा के राज्य उपाध्यक्ष बलराम बबलू, सूरम सिंह, कुटलैहड़ भाजपा महामंत्री रमेश चंद, नरेश कुमार,भाजपा नेत्री संतोष सैनी, भाजपा नेत्री सुषमा ठाकुर,सुदर्शन शर्मा, उपप्रधान जीवन शर्मा, रमेश शर्मा, चंद्र कुमार शर्मा के अलावा सेकंडों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Disclaimer

All news on Encounter India are computer generated and provided by third party sources, so read and verify carefully. Encounter India will not be responsible for any issues.

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read

- Advertisement -

You cannot copy content of this page