कन्नौजः उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में दीपावली की रात चुनावी व जमीनी रंजिश के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। छिबरामऊ कोतवाली के निकट अज्ञात विवाद और चुनावी खुन्नस में भाजपा विधायक अर्चना पांडे के पारिवारिक भाई और पेशे से अधिवक्ता अनुज कुमार चतुर्वेदी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई।
इस हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और त्योहार की खुशियां पल भर में मातम में तब्दील हो गईं। वारदात का मुख्य आरोपी कांग्रेस का जिला महासचिव अमूल दीक्षित बताया जा रहा है, जो घटना को अंजाम देने के बाद से मौके से फरार है।
घटना रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे छिबरामऊ कोतवाली के ठीक सामने वाली गली में घटित हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार आरोपी ने अनुज कुमार चतुर्वेदी को निशाना बनाकर अपनी पिस्तौल से लगातार चार राउंड गोलियां दाग दीं। गोलियों की तड़तड़ाहट से बाजार और आसपास के इलाके में भगदड़ मच गई। कई गोलियां लगने के कारण गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर हथियार लहराते फरार होने में कामयाब हो चुका था।
मृतक के भाई धीरज चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी अमोल दीक्षित का पहले उनके छोटे भाई के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें आरोपी ने उसे थप्पड़ मार दिया था। जब अधिवक्ता अनुज कुमार चतुर्वेदी इस बात की शिकायत और विरोध दर्ज कराने आरोपी के पास पहुंचे, तो अमोल दीक्षित ने तैश में आकर सीधे पिस्तौल निकाल ली और अनुज के सीने व शरीर पर दनादन फायरिंग कर दी। हालांकि इलाके में चर्चा है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना जमीनी विवाद और स्थानीय स्तर पर चुनावी रंजिश भी लंबे समय से चली आ रही थी, जिसकी आधिकारिक जांच की जा रही है।
हत्याकांड की खबर लगते ही छिबरामऊ से भाजपा विधायक अर्चना पांडे आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचीं और अपने भाई का शव देखकर फूट-फूट कर रो पड़ीं। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार फरार कांग्रेस नेता अमूल दीक्षित की गिरफ्तारी के लिए पांच अलग-अलग विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

