भोपालः मैहर जिले में रीवा रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर देर रात एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। इस भीषण हादसे में परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसा नादन थाना क्षेत्र के रीघरा गांव के पास हुआ। मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सामने चल रहे एक ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की खबर मिलते ही नादन थाना पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर पहुंची और गैस कटर व अन्य साधनों से शवों को बाहर निकाला। पुलिस प्रशासन और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सभी मृतक मैहर के पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल के परिवार और करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। मृतकों की शिनाख्त अंकुर पटेल, मृदुन पटेल, विशेष पटेल, हरिशंकर पटेल और एक अन्य परिजन के रूप में हुई है। इस हादसे में संजीव कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें नादन और मैहर के अस्पतालों में प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतकों के गृह ग्राम तनाजा सहित पूरे मैहर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में कुछ समय पहले तक हंसी-मजाक और जश्न का माहौल था, वहां अब सिर्फ चीखें सुनाई दे रही हैं। गांव की हर आंख नम है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल भी तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से घायल के इलाज की जानकारी ली और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के असली कारणों की जांच शुरू कर दी है कि आखिर देर रात हाईवे पर यह हादसा कैसे हुआ। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मैहर अस्पताल मर्चुरी भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

